डालमियानगर में जलजमाव बना अभिशाप, गंदे पानी और कचरे से जीना हुआ मुहाल, नगर परिषद की अनदेखी से लोगों में आक्रोश


संवाददाता पारसनाथ दुबे


डेहरी रोहतास।डालमियानगर शहर में जलजमाव की समस्या दिनों-दिन गंभीर होती जा रही है। लोगों को अब तक इससे निजात नहीं मिल सकी है। 


नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैली हुई है। इसी गंदे पानी से होकर लोगों को आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।


लोगों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी रोज आते हैं, लेकिन सिर्फ अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर वार्ड में बैठकर समय बिताते हैं और फिर चले जाते हैं। नालियों की सही से सफाई नहीं हो रही है।


चारों तरफ कूड़ा-कचरे के ढेर लगे हुए हैं। नालियां जाम होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिसके कारण स्थिति और बदतर होती जा रही है।


शहरवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर परिषद कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। नगर परिषद मानो कान में तेल डालकर बैठी है।


स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि नगर परिषद जल्द से जल्द जलनिकासी और सफाई की समुचित व्यवस्था करे, ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट