कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में डीडीसी ने सहयोग शिविर का आयोजन किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 24, 2026
- 8 views
रोहतास।कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सासाराम में उप विकास आयुक्त, रोहतास सुश्री आकांक्षा आनंद की उपस्थिति में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान छात्राओं से आवासीय सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, पठन-पाठन एवं कौशल विकास से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। छात्राओं ने भोजन एवं अन्य उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा किसी प्रकार की समस्या नहीं बताई।
पठन-पाठन की समीक्षा के दौरान अंग्रेजी शिक्षक की अनुपलब्धता सामने आई। छात्राओं से अंग्रेजी पुस्तक पढ़वाकर उनके पठन कौशल का आकलन किया गया। साथ ही कंप्यूटर संचालन एवं सिलाई-कटाई में छात्राओं की दक्षता की जानकारी ली गई। इसके पश्चात विद्यालय के छात्रावास, परिसर एवं शौचालय का निरीक्षण किया गया। विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक पहल करने तथा उपलब्ध राशि से चहारदीवारी के ऊपरी हिस्से में कंटीले तार लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनीष कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) श्री रजनीश कुमार उपाध्याय, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सासाराम एवं सहयोग शिविर के नोडल पदाधिकारी श्री हिमांशु कुमार उपस्थित थे।


रिपोर्टर