कार्तिक पूर्णिमा पर डेहरी एवं सासाराम के नदी घाटों पर एसडीआरएफ की दो टीमें तैनात
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 24, 2026
- 8 views
रोहतास। जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र के निदेशानुसार कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जिले के विभिन्न घाटों एवं नदी में स्नान हेतु आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा किसी भी संभावित आपदा से निपटने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। इस क्रम में नदी और घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से सासाराम तथा डिहरी अनुमंडल में एक-एक एसडीआरएफ टीम की प्रतिनियुक्ति की गयी है। प्रतिनियुक्त टीम द्वारा नदी में स्नान के दौरान संभावित डूबने की घटनाओं की रोकथाम, आपातकालीन स्थिति में त्वरित बचाव और राहत कार्य तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान किया जायेगा। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग,चेतावनी संकेत, स्थानीय गोताखोरों की उपलब्धता एवं अन्य सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किये गये हैं। संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गयी है कि वे निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें, नदी के गहरे पानी में जाने से बचें, प्रशासन द्वारा लगाये गये चेतावनी, संकेतों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा बच्चों एवं बुजुर्गों के प्रति विशेष सावधानी बरतें।
जिला प्रशासन सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपेक्षा करता है,ताकि कार्तिक पूर्णिमा का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।


रिपोर्टर