रोहतास के पूर्व एसपी पर एक रुपये का जुर्माना लगाने वाले जज को सुप्रीम कोर्ट की फटकार


न्यायिक अधिकारी से कहा- न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय बाहुबली जैसा व्यवहार करना बंद करें, राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी में प्रशिक्षण लेने की दी सलाह


रोहतास। जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोशन कुमार पर एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सासाराम के न्यायिक अधिकारी अनिल कुमार के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है। सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने न्यायिक अधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाए।


सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय बाहुबली की तरह व्यवहार करना बंद करें। पीठ ने न्यायिक अधिकारी को राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी भेजकर प्रशिक्षण दिलाने की भी सलाह दी।


दरअसल, यह मामला वर्ष 2023 में निपटाए गए एक आपराधिक मुकदमे में कथित झूठी गवाही देने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के अदालती निर्देश से जुड़ा है। आरोप था कि तत्कालीन एसपी रोशन कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश का पालन नहीं किया। इसके बाद 29 सितंबर 2026 को सासाराम के जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-चतुर्थ अनिल कुमार ने एसपी को दोषी ठहराते हुए एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया था।


इस आदेश को पटना हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी, जहां जुर्माने के आदेश पर रोक लगा दी गई। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि प्राथमिकी दर्ज कराने के अदालती निर्देश का पालन नहीं होना अपने आप में अदालत के सामने किए गए अपराध की श्रेणी में नहीं आता।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट