भलुनीधाम मंदिर में चोरी के 24 घंटे बीतने के बाद भी खुलासा नहीं चोरी के खुलासे के लिए छापेमारी तेज
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 25, 2026
- 1 views
रोहतास। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भलुनीधाम स्थित मां यक्षिणी भवानी मंदिर में हुई बड़ी चोरी की घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, चोरी की घटना का उद्भेदन करने के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है.चोरी की घटना के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। सोमवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां यक्षिणी भवानी के दर्शन और पूजन के लिए भलुनीधाम पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोगों ने सुगमता से पूजा-अर्चना की।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। विक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने स्वयं भलुनीधाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और तैनात पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।घटना के बाद से पुलिस इंस्पेक्टर विनय कुमार भी भलुनीधाम में कैंप कर रहे हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार को भी कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।पुलिस प्रशासन का कहना है कि चोरी की घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।


रिपोर्टर