50 हजार का इनामी अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार, डकैती और हत्या समेत 6 मामले हैं दर्ज

रोहतास पुलिस ने दरिगांव थाना क्षेत्र से किया गिरफ्तार, देसी कट्टा, एकनाली बंदूक, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद

रोहतास---- पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान दरिगांव थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव निवासी करीब 28 वर्षीय धनजी कुमार उर्फ धनजी पासी उर्फ पप्पू उर्फ टिकरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, एक एकनाली बंदूक, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा और दो मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपित की गिरफ्तारी शनिवार, 28 नवंबर को दरिगांव थाना की पुलिस ने की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित दरिगांव थाना कांड संख्या 201/2026 में वांछित था। उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2) के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा वह बड़डी थाना में दर्ज डकैती और हत्या के दो मामलों में भी 50 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सासाराम-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई थी। टीम आरोपित के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी।

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, धनजी कुमार के खिलाफ रोहतास जिले के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट, डकैती, मारपीट और चोरी जैसे छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें बड़डी थाना में डकैती का मामला 5 अक्टूबर 2025 और हत्या का मामला 14 अक्टूबर 2023 को दर्ज किया गया था। वहीं, दरिगांव और सासाराम थानों में भी उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी अभियान में दरिगांव थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट