66 वर्ष की उम्र में व्यक्ति ने एमए इतिहास में प्रथम श्रेणी से हासिल की सफलता, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 29, 2026
- 20 views
यदि जुनून हो तो उम्र आड़े नहीं आते
संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट
भभुआं (कैमूर)--- कहते हैं कि पढ़ाई और सीखने की कोई उम्र नहीं होती। इस कहावत को चरितार्थ किया है कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत केवा निवासी पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व प्रबंधक अशोक कुमार श्रीवास्तव ने। 66 वर्ष की उम्र में उन्होंने एमए (इतिहास) की पढ़ाई में प्रथम श्रेणी से सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि अगर मन में कुछ करने का जुनून हो तो उम्र कभी आड़े नहीं आती।
आपको बताते चलें कि अशोक कुमार श्रीवास्तव पंजाब नेशनल बैंक में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने कैमूर जिले के भभुआं हाटा, अमांव, घटांव रामपुर सहित विभिन्न स्थानों पर बैंक में कार्य किया। बैंक में कार्य करने के दौरान उनका व्यवहार और काम करने का तरीका अन्य अधिकारियों से काफी अलग था। वे ग्राहकों की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनका समाधान करने का प्रयास करते थे।
बैंक में जब ग्राहकों की अधिक भीड़ होती थी तो वे अपने मैनेजर केबिन में ही ग्राहकों का पेमेंट पास कर उन्हें शीघ्र राशि उपलब्ध कराने में मदद करते थे। वहीं, जब बैंक में कर्मचारियों की कमी होती थी तो वे स्वयं ग्राहकों की पासबुक प्रिंटिंग करने में भी पीछे नहीं हटते थे। उनका मानना था कि बैंक में आने वाले ग्राहकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने खुद को व्यस्त रखने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति अपनी रुचि बनाए रखी। वर्ष 2022 से तीन वर्षों तक वे पंजाब नेशनल बैंक में कैमूर जिले के अंतर्गत वित्त एवं ऋण सलाहकार के रूप में भी कार्यरत रहे।
66 वर्ष की उम्र में एमए इतिहास की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण करना उनकी मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी यह उपलब्धि समाज के युवाओं के साथ-साथ हर उम्र के लोगों के लिए प्रेरणादायक है। अशोक कुमार श्रीवास्तव ने अपनी सफलता से संदेश दिया है कि सीखने और आगे बढ़ने की कोई उम्र सीमा नहीं होती


रिपोर्टर