होली पर मच गया हल्ला, जब पुलिस चुरा ले गई जर्मन शेफर्ड का पिल्ला

उत्तर प्रदेश : पुलिस के कारनामों के किस्से आपने कई सुने होंगे, लेकिन उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पुलिस ने जो किया ऐसा वाकया शायद ही कभी सुना होगा। होली के दिन शांति व्यवस्था में लगी पुलिस द्वारा ऐसा कृत क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस की करतूत पर गांव भर में हल्ला मच गया।

जिले के बदलापुर क्षेत्र के तियरा गांव में होली के दिन शांति व्यवस्था के मद्देनजर डायल 100 पुलिस की तैनाती की गई थी। गांव के लोग होली खेलने में मस्त थे। पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान गांव के पूर्व प्रधान अशोक कुमार सिंह ने अपने घर पर जर्मन शेफर्ड प्रजाति के कुत्ते के बच्चे को पाल रखा है।
पूर्व ग्राम प्रधान का आरोप है कि जब सभी लोग होली खेल रहे थे, उसी दौरान डायल 100 के एक सिपाही की नजर जर्मन शेफर्ड प्रजाति के कुत्ते के बच्चे पर पड़ी। इसके बाद सिपाही कुत्ते के बच्चे को उठाने लगा तो घर की महिलाओं ने विरोध किया। लेकिन सिपाही का मन उस कुत्ते के बच्चे पर इस कदर आ गया कि वह महिलाओं के विरोध के बाद भी कुत्ते को गाड़ी में रख लिया और अपने साथ थाने ले गया।इसके बाद घर की महिलाओं ने इस बात की शिकायत पूर्व ग्राम प्रधान से की। इसके बाद पूर्व ग्राम प्रधान अशोक सिंह ने पिल्ला चोरी की शिकायत डायल 100 पुलिस से की। इसके बाद पूर्व ग्राम प्रधान 15 लोगों के साथ बदलापुर थाने में धावा बोल दिए। साथ ही सिपाही पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने कुत्ते के बच्चे को उसी वाहन से पूर्व प्रधान के घर भेजवाया। 


रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट