
सड़कों पर हुए गड्ढों का मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर शुरू
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 15, 2022
- 387 views
भिवंडी।। शहर में मूसलाधार बारिश व जल जमाव के कारण अधिकांश सड़कों पर बड़े बड़े गड्ढे हो गये थे। जिसके कारण शहर में यातायात जाम की समस्या बनी रहती थी। इन गड्ढों के कारण सड़कों पर दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। जिसे देखते हुए पालिका आयुक्त व प्रशासक विजय कुमार म्हसाल ने सड़कों पर हुए गड्ढों को तत्काल भरने के लिए आदेश दिया है। प्रभाग स्तर पर गड्ढों को भरने, मरम्मत करने आदि कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया है। बतादें कि अंजूर फाटा से कल्याण नाका तक मेट्रो का काम शुरू है। वही पर कई क्षेत्रों में मानसून के पहले भूमिगत नाली बनाई गयी थी। जिसके कारण अधिकांश सड़कों पर बड़े बड़े गड्ढे हुए है। कल्याण नाका - धामणकर रोड़ पर बने गड्ढों में पेवर ब्लॉक बैठाने का काम शुरू है। वही पर अंजूर फाटा रोड़ पर सीमेंट कंक्रीट मसाला डालकर भरने का काम रोड़ कामगारों द्वारा किया जा रहा है। पालिका के मुख्य शहर अभियंता एल पी गायकवाड़ ने बताया कि दो दिन के भीतर सभी गड्ढों का मरम्मत काम पुरा कर लिया जायेगा। इसके साथ ही जहां पर तेज पानी के बहाव से सड़कें उखड़ गई है वहां पर सीमेंट का पेवर ब्लॉक बैठा कर समतल किया जा रहा है।
रिपोर्टर