
भिवंडी के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सपाईयों द्वारा साइकिल दौड़ाने की तैयारी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 27, 2023
- 348 views
भिवंडी।। भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका प्रशासन पर प्रशासक की नियुक्ति के बाद कायास लगाये जा रहे है कि जल्द ही महानगर पालिका का चुनाव होने वाला है। हालांकि भिवंडी पूर्व व पश्चिम विधान सभा क्षेत्र का काफी हिस्सा मनपा क्षेत्र में होने के कारण महानगर पालिका चुनाव में दोनों विधायकों का काफी प्रभाव पड़ता है। इन दिनों सपाई दोनों विधानसभा सीटों पर कब्जा करने के उद्देश्य से मतदाताओं को लुभाने के लिए तरह तरह से उनके मूलभूत कार्यो को अंजाम दे रहे है। भिवंडी पूर्व विधानसभा पर हालांकि सपा विधायक रईस कासिम शेख के विकास कार्यो से प्रभावित होकर कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस व शिवसेना के कई पूर्व नगरसेवक साइकिल की सवारी करने के फिराक में दिखाई पड़ रहे है। वही पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सपाईयों का धोबी तालाब स्टेडियम के पास पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का मुख्य जनसंपर्क कार्यालय खुलने के बाद इस क्षेत्र की राजनीति भी गरमा चुकी है। कई ऐसे भी पूर्व नगरसेवक है जो पूर्वकाल में साइकिल की सवारी कर चुके है किन्तु पिछले महानगर पालिका चुनाव में साइकिल छोड़ कांग्रेस से उम्मीदवारी की और विजयी भी हुए। किन्तु इस बार ऐसे पूर्व नगरसेवकों को साइकिल का डर सताने लगा है। पश्चिम विधान सभा क्षेत्र में गतदिनों सपा प्रदेश मुखिया अबु आसिम आजमी भी हुंकार भरते हुए, विकास कार्यो का वादा कर इस सीट को एक बार फिर सपा की झोली में डालने के लिए मतदाताओं से अपील की है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस सीट पर भिवंडी शहर सपा अध्यक्ष रियाज आजमी को इस बार उम्मीदवार बनाया जा सकता है। पूर्व में इस सीट पर सपा ने दो बार कब्जा करने में कामयाब भी रह चुकी है। मोहम्मद अली व एडवोकेट रशीद ताहिर मोमिन इस क्षेत्र से सपा के विधायक रह चुके है। किन्तु पिछले 10 वर्षों से इस सीट पर भाजपा ने कब्जा कर रखा हुआ है। हालांकि भाजपा को हराकर इस सीट पर विजय पाना सपाईयों को नाको से चना चबाना जैसा है।
रिपोर्टर