भिवंडी में सपा विधायक रईस शेख का संकट गहराया

वफादार कार्यकर्ता कर रहे रियाज आज़मी का प्रचार


भिवंडी। भिवंडी पूर्व विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार और मौजूदा विधायक रईस शेख के लिए चुनावी स्थिति चुनौतीपूर्ण बनती जा रही है। पार्टी के पुराने वफादार कार्यकर्ताओं का उनसे मोहभंग हो चुका है और अब वे भिवंडी पश्चिम सीट से सपा उम्मीदवार रियाज आज़मी का प्रचार कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के इस बागी रुख ने रईस शेख की सियासी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय मतदाता अब्दुल गनी के मुताबिक, आज़मगढ़ समुदाय के अधिकांश आज़मी पहले ही रईस शेख का साथ छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा, "हमारी बस्ती के लोग अब सपा को छोड़कर दूसरे विकल्प तलाशने में जुट गए हैं।"

सपा के एक युवा कार्यकर्ता ने व्यंग्य करते हुए कहा, "भिवंडी पूर्व सीट तो हमने चुनाव लगने के पहले ही जीत ली है, इसलिए अब पश्चिम सीट पर रियाज आज़मी के प्रचार में लगे हैं।" यह बयान विधायक शेख के प्रति पार्टी के भीतर की नाराजगी को स्पष्ट करता है।

भिवंडी में सपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की है। लेकिन अब वही वरिष्ठ नेता रईस शेख के कार्यालय से दूरी बनाए हुए हैं। सपा का मुख्यालय और रईस शेख का निजी कार्यालय एक ही बिल्डिंग में है फिर भी वरिष्ठ नेताओं ने विधायक के साथ कोई संवाद नहीं रखा है।

जानकारों का मानना है कि रईस शेख की बढ़ती अलगाववादी छवि और कार्यकर्ताओं के साथ संवादहीनता के चलते सपा को इस चुनाव में भारी नुकसान हो सकता है। अगर यह स्थिति बनी रही, तो भिवंडी पूर्व सीट पर सपा की सियासी पकड़ कमजोर हो सकती है। क्या रईस शेख कार्यकर्ताओं का भरोसा जीतने में कामयाब होंगे, या यह चुनाव उनके राजनीतिक भविष्य पर सवाल खड़े कर देगा ? जनता और सियासी गलियारे में यह चर्चा अब गरमा गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट