जागतिक दिव्यांग दिवस पर भिवंडी महानगरपालिका के सामने दिव्यांगों का प्रदर्शन

दिव्यांगों की आवाज बुलंद, भिवंडी में प्रदर्शन से गूंजा


भिवंडी।  जागतिक दिव्यांग दिवस के अवसर पर अपंग विकास महासंघ और प्रहार पक्ष की ओर से भिवंडी शहर में दिव्यांग दिवस बड़े ही अनोखे अंदाज में मनाया गया। इस मौके पर दिव्यांगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज चौक से वंजारपट्टी नाका होते हुए भिवंडी महानगरपालिका तक बाईक रैली निकाली और अपनी मांगों को लेकर पालिका मुख्यालय के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया।

इस रैली में शहर के सैकड़ों दिव्यांगों ने अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए सहभागी हुए। बाईक रैली के दौरान दिव्यांगों ने प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए अपनी समस्याओं और मांगों को बुलंद किया। रैली के बाद महानगरपालिका के सामने दिव्यांगों ने शांतिपूर्ण धरना दिया। उनकी प्रमुख मांगों में दिव्यांगों के लिए आरक्षण की प्रभावी व्यवस्था, रोजगार के अवसर, सरकारी योजनाओं का उचित क्रियान्वयन, सार्वजनिक सुविधाओं की उपलब्धता और दिव्यांगों के लिए अलग स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना शामिल थीं। प्रदर्शन में भाग लेने वाले एक दिव्यांग ने कहा, "हमारे लिए सिर्फ जागतिक दिव्यांग दिवस मनाना काफी नहीं है। हमें हमारी समस्याओं के समाधान और अधिकारों के लिए ठोस कदम चाहिए।" दिव्यांगों के इस प्रदर्शन ने प्रशासन को उनकी ओर ध्यान देने पर मजबूर किया है। महानगरपालिका के अधिकारियों ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है। भिवंडी शहर में दिव्यांगों के इस आंदोलन ने न केवल उनकी समस्याओं को उजागर किया है, बल्कि उनकी एकता और संघर्ष की शक्ति का भी परिचय दिया है। यह प्रदर्शन दिव्यांग सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट