उत्तर भारतीय समाज सेवा संस्था ने विधायक महेश चौघुले को मंत्री बनाने की मांग की
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 03, 2024
- 385 views
भिवंडी। उत्तर भारतीय समाज सेवा संस्था ने भिवंडी पश्चिम से भाजपा विधायक महेश चौघुले को तीसरी बार विधायक चुने जाने पर उनका सत्कार किया और साथ ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से उन्हें मंत्री बनाने की मांग की। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी एड. प्रवीण मिश्रा, मनोज सिंह, उदय राज सिंह, बालमुकुंद शुक्ला, अजीत ठाकुर, पी.डी. यादव, बृजेश पांडे, रवि सिंह, विजय मिश्र, मनोज राय, शिवम झा, विनोद मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
संस्था के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल सिंह दादा ठाकुर ने कहा कि भिवंडी के इतिहास में आज तक कोई भी उम्मीदवार लगातार तीन बार विधायक नहीं चुना गया, लेकिन भाजपा के महेश चौघुले ने हैट्रिक जीत दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले तीन दशकों में भिवंडी से कोई भी विधायक प्रदेश में मंत्री नहीं बना, जिसके कारण शहर का विकास अधूरा रहा। यदि भाजपा भिवंडी के विकास के प्रति गंभीर है, तो महेश चौघुले को आगामी मंत्रिमंडल में मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। सिंह ने यह भी कहा कि महेश चौघुले एक तेज-तर्रार युवा विधायक हैं जो भिवंडी के पावरलूम उद्योग और शहर के विकास को गति दे सकते हैं। इसीलिए भिवंडी के मतदाताओं ने उन्हें तीसरी बार विजयी बनाया है।
रिपोर्टर