
गोदाम के नाले में फंसा तेंदुआ
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 13, 2024
- 280 views
वन विभाग के प्रयास जारी, इलाके में दहशत
भिवंडी। भिवंडी तालुका के लोनाड गांव के पॅरामाउंट लॉजीट्रेड गोदाम परिसर में आज सुबह शुक्रवार एक तेंदुआ नाले में फंसा पाया गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए अभियान चला रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात में तेंदुआ इलाके में देखा गया था और "आई एकवीरा ढाबा" के सीसीटीवी कैमरे में उसकी मौजूदगी कैद हो गई। सुबह करीब सवा पांच बजे, गोदाम की बस में रहने वाले चालक दुर्गेश विश्वकर्मा ने ढाबे के पास अजीब आवाज सुनी। जब वह बस की ओर भागा तो उसने तेंदुए को गोदाम के बीच की गली में नाले में फंसा हुआ देखा। दुर्गेश ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए गली के मुहाने पर प्लाइवुड लगाकर तेंदुए के भागने का रास्ता बंद कर दिया। उसकी इस त्वरित कार्रवाई से तेंदुआ किसी पर हमला नहीं कर पाया।घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम सुबह दस बजे मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। इस घटना से आसपास के लोग डरे हुए हैं, और वन विभाग ने लोगों से शांत रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। खबर लिखने तक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू था।
रिपोर्टर