
हत्या के पांच साल बाद फरार आरोपी प्रयागराज से गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 12, 2025
- 248 views
भिवंडी पुलिस की बड़ी सफलता
भिवंडी। भिवंडी के गुलजार नगर स्थित कचेरीपाडा में वर्ष 2020 में हुए के मुख्य आरोपी को आखिरकार पांच साल बाद उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी भिवंडी की शांतिनगर पुलिस को मिली एक बड़ी सफलता के रूप में सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इलियास के रूप में हुई है, जो प्रयागराज के मंझूरी क्षेत्र में लगातार ठिकाने बदलते हुए छिपकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी काफी चुनौतीपूर्ण रही, क्योंकि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसके खिलाफ अदालत द्वारा 16 बार वारंट जारी किए गए थे।
गौरतलब है कि 20 अगस्त 2020 की रात करीब साढ़े 10 बजे जमीन विवाद को लेकर अब्दुल सत्तार मोहम्मद इब्राहिम मंसूरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में शांतिनगर पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। इनमें से अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अब भी फरार हैं। गंभीर रूप से घायल अब्दुल सत्तार की इलाज के दौरान दो दिन बाद मौत हो गई थी। अब्दुल सत्तार मूलतः प्रयागराज के फूलपुर तहसील के कर्नलगंज के निवासी थे और भिवंडी में अपने परिवार के साथ रहते थे।
पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद इलियास घटना के मुख्य आरोपियों में शामिल है और 2020 की घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत में भेजा गया है। शांतिनगर पुलिस की इस कार्रवाई की चारों ओर सराहना हो रही है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश अब और तेज़ कर दी गई है।
रिपोर्टर