भिवंडी पालिका की पीली स्कूल में भीषण आग
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 15, 2025
- 379 views
दूसरी मंजिल जलकर खाक, महत्वपूर्ण दस्तावेज राख, कोई जनहानि नहीं
भिवंडी। भिवंडी निज़ामपुर शहर महानगर पालिका द्वारा संचालित स्कूल क्रमांक 29 (पीली स्कूल), निज़ामपुरा की इमारत में मंगलवार शाम करीब चार बजे अचानक भीषण आग लग गई। यह आग स्कूल की दूसरी मंजिल पर लगी, जिससे वहां रखा सारा सामान और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। हालांकि स्कूल बंद होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग की सूचना मिलते ही पालिका के आपातकालीन व्यवस्थापक सर्किब खर्बे और अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंच गई और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। स्कूल के आसपास घनी बस्ती होने के कारण घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।प्रभाग समिति क्रमांक 5 के सहायक आयुक्त बालाराम जाधव ने बताया कि स्कूल की यह इमारत काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी। इसी कारण इसे पहले ही खतरनाक घोषित कर दिया गया था और स्कूल संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि बरसात से पहले इस इमारत को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी। घटना के बाद एक बार फिर नगर पालिका की जर्जर इमारतों को लेकर सुरक्षा उपायों पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए खतरनाक इमारतों को समय रहते हटाया जाए।


रिपोर्टर