
6 करोड़ की धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jun 01, 2025
- 463 views
मोबाइल एक्सेसरीज व्यापारी से किया था ठगी का खेल
भिवंडी। भिवंडी शहर के एक मोबाइल एक्सेसरीज विक्रेता को कर्ज दिलाने के बहाने उसके नाम पर 6 करोड़ से अधिक का कर्ज उठाकर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को भिवंडी तालुका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम सूरजपाल सिंह अजितसिंह चौहान है। इस धोखाधड़ी में कुल 24 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित व्यवसायी नरपतकुमार तलसाराम चौधरी ने सितंबर 2019 में भिवंडी में मोबाइल एक्सेसरीज का व्यापार शुरू किया था। वर्ष 2020 में उन्होंने खुद की एक्सेसरीज निर्माण कंपनी शुरू करने की योजना बनाई और इसके लिए उन्हें करीब 70 लाख रुपये का कर्ज चाहिए था। इसी दौरान उनकी मुलाकात जी पावर एंटरप्राइजेस के सूरजपाल सिंह चौहान से हुई, जिसने खुद को वित्तीय मामलों का जानकार बताया और कर्ज दिलाने की बात कही। सूरजपाल ने चौधरी को भरोसे में लेते हुए उनके बैंक से जुड़े दस्तावेज अपने पास रख लिए। उसने कहा कि उसके परिवार, चार्टर्ड अकाउंटेंट और साथियों की मदद से वह कर्ज स्वीकृत करवा देगा। 2020 से 2023 के बीच सूरजपाल और उसके सहयोगियों ने इन दस्तावेजों का उपयोग करते हुए विभिन्न बैंकों और निजी वित्तीय संस्थानों से 6.29 करोड़ रुपये का कर्ज लिया और वह पैसा अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिया। जब चौधरी को इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उन्होंने अक्टूबर 2024 में भिवंडी ग्रामीण पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सूरजपाल सिंह चौहान सहित कुल 24 लोगों के खिलाफ IPC की धारा 420, 406, 465, 467, 468, 471 व 34 के तहत मामला दर्ज किया। शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरजपाल सिंह चौहान को गिरफ्तार कर भिवंडी कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 4 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस गंभीर आर्थिक अपराध की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक किरण म्हसकर कर रहे हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।
रिपोर्टर