जिला मुख्यालय में जलजमाव से नारकीय जीवन


रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम नगर निगम क्षेत्र की स्थिति नारकीय बन गयी है। शहर के कई ऐसे मुहल्ले हैं, जहाँ नाले की सफाई नहीं होने की वजह से जल-जमाव की समस्या बनी हुई है। रूक-रूककर हो रही बारिश ने नगर निगम क्षेत्र की सूरत ही बिगाड़ दी है। नगर निगम क्षेत्र में सफाई, स्वच्छता, लाइटिंग तथा सीसीटीवी कैमरे की बदहाली नगर सरकार के पोल खोलने के लिए काफी हैं। शहर में लगे कई लाइट और सीसीटीवी कैमरे सिर्फ ऊपर से देखने में सुंदर लग रहे हैं,अंदर से अनेक बीमारी की चपेट में हैं। सीसीटीवी कैमरे नगरीय क्षेत्र में अपराधों को रोकने, शहर की सुरक्षा तथा ट्रैफिक-व्यवस्था में काफी कारगर होते हैं। बाद भी इसके कई ऐसे सीसीटीवी कैमरे हैं जो शोभा की वस्तु बने हुए हैं। लाइट और सीसीटीवी की खराबी को लेकर पूछे गये एक प्रश्न के जवाब में नगर आयुक्त विकास कुमार ने कहा कि यह टेंडर की प्रक्रिया में है। जैसे ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो जायेगी, उन्हें ठीक कर दिया जायेगा। जबकि इस संदर्भ में नगर के वार्ड न0-44 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सरोज कुमार गुप्ता ने कहा कि सीसीटीवी निगम परिसर में भी लगा हुआ था, उसे भी मेयर काजल कुमारी के प्रतिनिधि विशाल सिंह द्वारा हटा दिया गया है, ताकि तीसरी आँखें निगम के कुकर्मों को नहीं देख सके। पार्षद प्रतिनिधि ने नगर आयुक्त को मेयर के सामने आत्म-समर्पण कर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पूरे नगरीय क्षेत्र कि स्थिति बदतर हो गयी है। सरोज गुप्ता की कही बातों से यही लगता है कि नगर निगम भ्रष्टाचार का भेंट चढ़ गया है, जिसे मुक्त कराना ज़रूरी है। अब देखना यह होगा कि इसे मुक्त कराने के लिए कौन आगे आता है?

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट