छुट्टी के दिन और रात में धड़ल्ले से खड़ी हो रही अवैध इमारतें
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 18, 2025
- 401 views
भिवंडी मनपा आयुक्त के आदेश की खुलेआम उड़ रही धज्जियां
भिवंडी। भिवंडी महानगरपालिका क्षेत्र में अवैध इमारतों का जाल दिन-ब-दिन फैलता जा रहा है। आयुक्त एवं प्रशासक अनमोल सागर ने जहां अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं, वहीं बिल्डरों ने आदेशों की परवाह किए बिना नए तरीके निकाल लिए हैं। अब ये इमारतें रात के अंधेरे में और छुट्टी के दिनों में खड़ी की जा रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मनपा आयुक्त ने खुद वर्ष 2022 से अब तक 291 अवैध इमारतों के निर्माण का खुलासा किया था। लेकिन इसके बावजूद भूमिका बिल्डर समेत कई बिल्डर अब शनिवार-रविवार और देर रात को स्लैब डालकर इमारतें तैयार कर रहे हैं। ताजा मामला गैबीनगर, शास्त्री नगर क्षेत्र का है, जहां शनिवार को एक निर्माणाधीन इमारत का स्लैब डाला गया। यह क्षेत्र सीधे तौर पर मनपा की प्रभाग समिति क्रमांक दो व तीन के अंतर्गत आता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित प्रभागों के अधिकारियों की मिलीभगत से यह खेल जारी है। सूत्रों का कहना है कि प्रत्येक स्लैब के एवज में मोटी रकम पहुंचाई जाती है, जिसके कारण कार्रवाई नहीं होती और अवैध इमारतें खड़ी होती जाती हैं। बताया जाता है कि शहर की पांचों प्रभाग समितियों में लगभग 150 अवैध इमारतों का निर्माण वर्तमान में जारी है। नगरवासियों का सवाल है कि जब खुलेआम आदेशों का उल्लंघन हो रहा है, तो प्रशासन खामोश क्यों है? क्या मनपा अधिकारी जानबूझकर आंख मूंदे हुए हैं?इस बीच, नागरिकों ने मांग की है कि भिवंडी मनपा तत्काल विशेष कार्रवाई दल गठित कर रात और छुट्टियों के दिनों में चल रहे अवैध निर्माण पर रोक लगाए। साथ ही दोषी अधिकारियों और बिल्डरों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि शहर की तस्वीर और कानून-व्यवस्था बचाई जा सके।


रिपोर्टर