काल्हेर में ट्रैफिक जाम को लेकर टेंपो चालक-मालिक संघ का प्रदर्शन
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 25, 2025
- 208 views
जाम में फंसे विधायक को पैदल चलना पड़ा, लोगों ने उड़ाया मजाक, वीडियो वायरल
भिवंडी। भिवंडी शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गहराती जा रही है। घोड़बंदर रोड की मरम्मत के चलते परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के आदेश पर भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। इससे स्थानीय मार्गों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शनिवार को अंजुरफाटा इलाके में नाराज नागरिकों और रिक्शा-टेंपो चालकों ने सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराया था। इस प्रदर्शन में स्थानीय नेताओं ने भी हिस्सा लिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
इसी कड़ी में सोमवार को एक बार फिर काल्हेर क्षेत्र में टेंपो चालक-मालिक संघ और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर आंदोलन किया। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक नारेबाजी के साथ जाम लगाकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भारी वाहनों को बिना उचित योजना के डायवर्ट करने से आम नागरिकों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है।
इस दौरान स्थिति तब और चर्चाओं में आ गई जब ग्रामीण क्षेत्र के विधायक शांताराम मोरे को भी जाम की वजह से अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए नालियों के रास्ते पैदल जाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इस पर मजाक उड़ाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने ठोस समाधान नहीं निकाला तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तीव्र किया जाएगा। लगातार हो रहे प्रदर्शनों से साफ है कि भिवंडी के नागरिक अब ट्रैफिक की समस्या से त्रस्त हो चुके हैं। लोगों की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करे, ताकि आमजन और स्थानीय यातायात को राहत मिल सके।


रिपोर्टर