नशा करने से रोका तो युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, पत्नी भी बनी शिकार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 28, 2025
- 202 views
भिवंडी में ऑटो ड्राइवर पर कातिलाना वार, आरोपी फरार, इलाके में दहशत
भिवंडी। शहर के शांतिनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात नशे के विरोध ने एक खौफनाक वारदात का रूप ले लिया। डोंगरपाड़ा पहाड़ी पर रजा-ए-मुस्तफा मस्जिद के पास एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। उसकी पत्नी ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसे भी मारपीट का सामना करना पड़ा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, ऑटो रिक्शा ड्राइवर फिरोज हबीब शेख (निवासी डोंगरपाड़ा) 26 अगस्त की रात करीब साढ़े 12 बजे घर के बाहर मौजूद था। तभी स्थानीय युवक साजिद मेहमूद खान उर्फ साजो वहां पहुंचा और बैठकर नशा करने लगा। फिरोज ने उसे इलाके में नशा करने से मना किया और समझाया कि इससे मोहल्ले का माहौल बिगड़ता है। इस पर साजिद भड़क उठा और धमकी देते हुए बोला— “तेरे को क्या करना है, मैं यहीं नशा करूंगा, आज तुझे मर्दानी भी दिखाता हूं।”
गुस्से में साजिद ने धारदार चाकू निकालकर फिरोज पर हमला कर दिया। उसने पीड़ित के सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए। बीच-बचाव के लिए आगे आई फिरोज की पत्नी शामीन के साथ भी साजिद ने धक्का-मुक्की और मारपीट की। लहूलुहान फिरोज को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शांतिनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 997/2025 दर्ज कर साजिद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 118(1), 115(2), 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है। इस घटना के बाद डोंगरपाड़ा इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नशे का कारोबार और नशेबाजों की हरकतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की है कि पुलिस ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करे ताकि क्षेत्र का माहौल सुरक्षित और शांतिपूर्ण रह सके।


रिपोर्टर