मोहनिया में शांति समिति की बैठक मो० साहब के जन्मदिन जुलूस को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 01, 2025
- 63 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार के रिपोर्ट
कैमूर-- जिले के मोहनिया थाना में रविवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसडीपीओ मोहनिया प्रदीप कुमार और एसडीएम अनिरुद्ध पांडे ने की। यह बैठक आगामी 5 सितंबर को हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस पर निकलने वाले जुलूस की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर की गई थी।बैठक में जुलूस के मार्ग और समय को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तय किया गया कि जुलूस सुबह 7:00 बजे मोहनिया के चांदनी चौक से निकलेगा। यह स्टुवरगंज बाजार होते हुए डंड़वा जाएगा, फिर चांदनी चौक लौटकर जीटी रोड के दक्षिणी सर्विस लेन से अनुमंडल गेट होते हुए बरकत नगर तक पहुंचेगा। जुलूस का समापन दोपहर 1:30 बजे पटना मोड़ स्थित शहीद बाबा के पास होगा।प्रशासन ने जुलूस में डीजे बजाने और किसी भी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जुलूस में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आगे, पीछे और बीच में स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा।समिति के सदस्यों ने नगर पंचायत से जुलूस के मार्ग में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने और चांदनी चौक व स्टेशन रोड पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की। एसडीएम ने सभी से त्योहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सुधांशु कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर सुनील निर्झर, थाना अध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


रिपोर्टर