नाद के लाल सुजीत कुमार बने कश्मीर जोन के नए आईजी


रोहतास।बिहार की ऐतिहासिक भूमि रोहतास के एक छोटे से गांव नाद के लाल ने अपनी मेहनत, निष्ठा और उत्कृष्ट सेवा के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। हम बात कर रहे हैं वर्ष 2007 बैच के एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुजीत कुमार सिंह की, जिन्हें सरकार द्वारा कश्मीर जोन का नया पुलिस महानिरीक्षक (IGP - Inspector General of Police) नियुक्त किया गया है। उन्होंने निवर्तमान आईजी वी.के. बिरदी से विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है।

शानदार और बेदाग रहा है सेवा काल

आईपीएस सुजीत कुमार सिंह का सेवा काल बेहद प्रभावशाली और प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के कई संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसएसपी/कप्तान) के रूप में उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं। अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता के बल पर वे समय के साथ पदोन्नति प्राप्त करते रहे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के कई महत्वपूर्ण रेंजों में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर रहते हुए कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई।

सुरक्षा प्रभार के बाद मिली बड़ी जिम्मेदारी

कश्मीर जोन के आईजी पद पर पदस्थापित होने से पूर्व सुजीत कुमार आईजी (सिक्योरिटी) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वहां से स्थानांतरण के पश्चात सरकार ने उनकी निष्ठा, कार्यशैली और लंबे मैदानी अनुभव को देखते हुए उन्हें कश्मीर जोन जैसे अति-संवेदनशील और रणनीतिक रूप से

 महत्वपूर्ण क्षेत्र के आईजी पद की कमान सौंपी है।

रोहतास जिले में गर्व और जश्न का माहौल

सासाराम के एक साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश के सबसे संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस विभाग के शीर्ष पदों में से एक तक पहुंचने की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से रोहतास सहित पूरा बिहार गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव, परिजनों, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और युवाओं ने उन्हें ढेर सारी बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुजीत कुमार की यह सफलता क्षेत्र के होनहार युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने के लिए सदैव प्रेरित करेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट