सासाराम की हेमा पटना यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर बनी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 02, 2025
- 72 views
रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम की डॉ. हेमा कुमारी ने अपने अथक परिश्रम और संकल्प के बल पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया में उन्होंने सफलता हासिल कर पटना विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर पद प्राप्त किया है। यह उपलब्धि उन्हें न केवल जिले की, बल्कि पूरे प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनाती है।
भोजपुर जिले के बिहियां की निवासी और सासाराम के वरीय अधिवक्ता स्व. अमिरचंद राम की बहू डॉ. हेमा कुमारी वर्तमान में बिहार शिक्षा सेवा प्राइमरी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, शेरघाटी में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। उनके चयन से जिले और परिवार में हर्ष का वातावरण है।
डॉ. हेमा कुमारी का कहना है कि उनकी इस सफलता के पीछे उनके पति अशोक कुमार का निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन प्रमुख कारण रहा है। परिवार का समर्थन और व्यक्तिगत दृढ़ता ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचने में सहायक भूमिका निभाई।
उनकी यह उपलब्धि समाज में यह संदेश देती है कि बेटियाँ भी शिक्षा और उच्च पदों की प्राप्ति में किसी से पीछे नहीं हैं। उनका जीवन संघर्ष और सफलता की वह मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ी की छात्राओं को बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगा ।

रिपोर्टर