कोनगांव पुलिसकर्मी पर हमला करने वाले चार दरिंदे गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 03, 2025
- 189 views
भिवंडी। शहर में पुलिसकर्मी पर हमला करने की साहसिक घटना को शांतिनगर पुलिस ने महज पांच दिन में सुलझाकर अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। कोनगांव पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिसकर्मी सुनील पाटील 28 अगस्त 2025 की रात ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। भारी बारिश से बचने के लिए वे साईबाबा मंदिर के पास एक ऑटो गैरेज के बाहर खड़े हुए ही थे कि अचानक चार अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया,पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की कर बेरहमी से पिटाई की गई और उनका मोबाइल फोन छीनकर आरोपी फरार हो गए। इस दुस्साहसी हमले ने पुलिस विभाग को सकते में डाल दिया। शांतिनगर पुलिस स्टेशन में तुरंत अपराध रजि.क्र.1003/2025 दर्ज कर मामला भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और हथियार कानून में पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर विशेष जांच टीम बनाई गई। वारदात स्थल के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके बाद भिवंडी और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर चार आरोपियों को धर दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज रामचंद्र भोये (21), हितेश दिलीप भोये (21), बलीराम रामचंद्र चौधरी (23) और नितीन उर्फ सुशांत सुरेश लाहरे (23) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी पालघर जिले के निवासी बताए जाते हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से जबरन छीना गया मोबाइल, दो मोटरसाइकिल और अन्य सामान मिलाकर कुल एक लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद अदालत में पेश किया गया, जहाँ पुलिस ने रिमांड की मांग की है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे और एसीपी सचिन सांगले के मार्गदर्शन में शांतिनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी विनायक गायकवाड़ व उनकी पुलिस टीम ने अंजाम दी। इस सफलता ने न केवल विभाग का मनोबल बढ़ाया है बल्कि अपराधियों को भी साफ संदेश दिया है कि कानून से टकराने वालों का अंजाम तय है।


रिपोर्टर