
10 महीने से फरार हत्या का आरोपी इंदौर से गिरफ्तार, शांतिनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 05, 2025
- 298 views
भिवंडी। शांतीनगर पुलिस ने दस महीने से फरार चल रहे एक हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला की हत्या का आरोप है। गिरफ्तारी मध्यप्रदेश के इंदौर से की गई। मामला 28 अक्टूबर 2024 का है, जब भदोही (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला आरोपी राजू महेन्द्र सिंह (22 वर्ष) हत्या के बाद फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह मोबाइल फोन बंद कर बार-बार अपना ठिकाना बदलकर बच निकलता रहा। कभी उत्तर प्रदेश तो कभी मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों में छिपकर वह पुलिस को गुमराह करता रहा। हाल ही में शांतीनगर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इंदौर के देवास नाका इलाके में छिपा हुआ है।जानकारी पुख्ता होने पर पुलिस टीम ने इंदौर क्राइम ब्रांच से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की। आरोपी ने खुद को सूरज बताकर पुलिस को धोखा देने की कोशिश की, लेकिन उसके हाथ पर बने टैटू ने राज खोल दिया। विशेष जाल बिछाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की चौकसी के आगे उसकी सारी चालें नाकाम रहीं। आरोपी को तुरंत भिवंडी लाया गया और अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 8 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में डीसीपी शशिकांत बोराटे, एसीपी सचिन सांगले, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़, पुलिस निरीक्षक अतुल अडूरकर और विनोद पाटिल के मार्गदर्शन में एपीआई सुरेश चोपडे, पुलिस हवलदार रिजवान सैय्यद, राजेश पाटिल, निलेश महाले समेत पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजू सिंह की गिरफ्तारी न सिर्फ जांच में बड़ी उपलब्धि है, बल्कि इससे पीड़ित परिवार को न्याय मिलने का रास्ता भी साफ हो गया है। इस सफलता ने एक बार फिर संदेश दिया है कि कानून से अपराधी कितने भी समय तक क्यों न भागे, बच नहीं सकते।
रिपोर्टर