स्टेम वाटर डिस्ट्रीब्यूशन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. कंपनी को पालिका आयुक्त का नोटिस

सार्वजनिक सुरक्षा सर्वोपरि, लापरवाही बर्दाश्त नही  - आयुक्त अनमोल सागर

भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका क्षेत्र के टेमघर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में 8 सितम्बर की मध्यरात्रि क्लोरीन गैस का रिसाव होते ही हड़कंप मच गया। रात करीब 12:40 बजे घटी इस घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। क्लोरीन गैस का अत्यधिक संपर्क जानलेवा साबित हो सकता था,लेकिन आयुक्त अनमोल सागर की त्वरित कार्रवाई और प्रशासन की तत्परता से शहर एक बड़ी त्रासदी से बच गया। जैसे ही रिसाव की सूचना पालिका प्रशासन को मिली, तुरंत अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके, पानी पुरवठा अभियंता संदीप पटनावर, आपत्ती व्यवस्थापक साकिब खर्बे और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने विशेष उपकरण और पीपीई किट की मदद से रिसाव पर नियंत्रण पाया। हालांकि इस बीच पांच कर्मचारी गैस की चपेट में आ गए जिन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त अनमोल सागर खुद हालात की निगरानी में जुट गए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए। विशेषज्ञों के मुताबिक यदि रिसाव थोड़ी देर और जारी रहता तो आसपास के सैकड़ों लोग जानलेवा खतरे में आ सकते थे। लेकिन प्रशासन की सतर्कता और आयुक्त सागर के मजबूत नेतृत्व ने हालात को काबू में कर लिया। घटना के बाद आयुक्त ने स्टेम वाटर डिस्ट्रीब्यूशन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को नोटिस जारी करते हुए चेताया कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कंपनी को जवाबदेही तय करने, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और उपकरणों की नियमित जांच के सख्त आदेश दिए। नागरिकों ने भी आयुक्त की दूरदर्शिता और निर्णायक नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कारण ही भिवंडी एक भीषण हादसे से बच सका। इस घटना ने साबित कर दिया कि सजग प्रशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति वाला नेतृत्व हर संकट को मात दे सकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट