भिवंडी से नवी मुंबई तक सांसद बाल्या मामा की कार रैली को हजारों नागरिकों का उत्स्फूर्त समर्थन

भिवंडी। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नामकरण लोकनेते स्वर्गीय दि.बा. पाटील के नाम पर किया जाए, इस मांग को लेकर भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ़ बाळ्या मामा के नेतृत्व में रविवार को भिवंडी से नवी मुंबई तक भव्य कार रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को स्थानीय भूमिपुत्रों और नागरिकों ने जोरदार प्रतिसाद दिया और हजारों की संख्या में लोग इसमें शामिल हुए। मानकोली-डोंबिवली मार्ग पर स्व. दि.बा. पाटील की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित करने के बाद यह रैली रवाना हुई। इस अवसर पर ठाणे जिले के वरिष्ठ नेता आर. सी. पाटील, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गट) के उपनेता विश्वास थले, मनसे प्रदेश उपाध्यक्ष डी. के. म्हात्रे, शिवसेना ठाकरे गट के जिल्हा प्रमुख कुंदन पाटील, राकांपा (शरद पवार गट) की महिला जिलाध्यक्ष डॉ. रूपाली कराले, पूर्व जिला परिषद सदस्य शारदा सुरेश म्हात्रे समेत बड़ी संख्या में भिवंडी तालुका के बहुजन समाज के कार्यकर्ता उपस्थित थे। विदित हो कि ठाणे, रायगड, पालघर, मुंबई और नवी मुंबई के भूमिपुत्र आगरी-कोली समाज की यह लंबे समय से मांग रही है कि नवी मुंबई हवाई अड्डे को दि.बा. पाटील का नाम दिया जाए। महाराष्ट्र सरकार ने भी यह प्रस्ताव केंद्र को भेजा था, लेकिन केंद्र की ओर से अब तक निर्णय न आने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। सांसद बाल्या मामा ने कहा कि केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करने और नामकरण की मांग को बुलंद करने के लिए इस कार रैली का आयोजन किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने इस मुद्दे पर टालमटोल की, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा तथा हवाई अड्डे के उद्घाटन समारोह को होने नहीं दिया जाएगा। इस आंदोलन को वंचित बहुजन आघाड़ी ने भी समर्थन दिया। भिवंडी शहर अध्यक्ष प्रदीप शिर्के ने सांसद को लिखित समर्थन पत्र सौंपा। रैली के दौरान विभिन्न संस्थाओं और संगठनों ने भी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। खास बात यह रही कि मानकोली, खारेगांव, कलवा, विटावा समेत कई जगहों पर स्थानीय नागरिकों ने पारंपरिक पोशाकों में महिलाओं द्वारा प्रस्तुत कोली नृत्य और जल्लोषी स्वागत से रैली का भव्य स्वागत किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट