भिवंडी में ठगी का नया तरीका, घरेलू सामान व नकदी देने के नाम पर महिला से गहने लेकर फरार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 15, 2025
- 261 views
भिवंडी। शहर में ठग अब नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला शांतिनगर थाना क्षेत्र का है, जहां एक अज्ञात महिला ने कंपनी की प्रतिनिधि बनकर एक परिवार से हजारों रुपये के गहने ठग लिए।
रामनगर निवासी पूजा सुरेश वर्मा ने पुलिस को बताया कि 13 सितंबर की दोपहर वे रामनगर स्थित बौद्ध मंदिर के पास थीं। इसी दौरान करीब 30 से 32 वर्ष की एक महिला, जिसने लाल साड़ी पहन रखी थी, उनके पास पहुंची। महिला ने खुद को एक कंपनी की प्रतिनिधि बताते हुए दावा किया कि उसकी कंपनी में विशेष ऑफर चल रहा है। ऑफर के अनुसार, पुराने गहनों के बदले वॉशिंग मशीन, फ्रिज, सिलाई मशीन और नकद रकम दी जाएगी। महिला ने भरोसा दिलाया कि गहनों की जांच कर अगले ही दिन सामान और रकम सौंप दी जाएगी। इस पर भरोसा कर पूजा वर्मा ने करीब 65 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने उस महिला को सौंप दिए। लेकिन इसके बाद आरोपी महिला न तो लौटी और न ही कोई सामान या रकम वापस किया। घटना का एहसास होने पर पीड़िता ने शांतिनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात महिला आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। इस घटना की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश गायकर कर रहे हैं।


रिपोर्टर