ब्यावरा में एक दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Sep 19, 2025
- 145 views
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार ने विजेता तथा उपविजेता टीमों को सम्मानित किया
राजगढ़ । नेताजी सुभाष चंद्र बोस शासकीय महाविद्यालय ब्यावरा में एक दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और विजेता तथा उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में जिले के कुल 8 कॉलेजों की महिला एवं पुरुष टीमों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में जीरापुर ने ब्यावरा को हराकर खिताब जीता, वहीं महिला वर्ग में ब्यावरा ने नरसिंहगढ़ को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को नई पहचान और सम्मान मिला है। उन्होंने खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल न केवल प्रतियोगिता का माध्यम हैं, बल्कि यह युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से सांसद खेल प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य गाँव से लेकर शहर तक छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाना है। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को बड़े मंच तक पहुँचने का अवसर प्रदान करती है, जहाँ से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। सरकार द्वारा खिलाड़ियों को अवसर, खेल सुविधाएँ और प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।


रिपोर्टर