मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने जाना थाना की कार्यप्रणाली, किरन बनी एक घंटे की थानाध्यक्ष

बरसठी (जौनपुर)। मिशन शक्ति फेज-5 के तहत सोमवार को बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बरसठी थाना परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पीएमसी कम्पोजिट विद्यालय निगोह की छात्राओं को उनके शिक्षकगण द्वारा थाने पर लाया गया, जहां उन्हें मिशन शक्ति केन्द्र और साईबर सेल का भ्रमण कराया गया। छात्राओं को उनकी कार्यप्रणाली, महत्व और उपयोगिता से परिचित कराया गया।

थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय तथा मिशन शक्ति केन्द्र के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बालिकाओं को जनता, न्यायालय व पुलिस के समन्वय, थाना की कार्यशैली, महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों से जुड़े कानूनों तथा साईबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों—1098 (चाइल्ड लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एंबुलेंस सेवा), यूपी 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा) आदि की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया।

इस अवसर पर ग्राम निगोह निवासी किरन प्रजापति पुत्री शिवप्रकाश प्रजापति को एक घंटे के लिए थाना प्रभारी का दायित्व सौंपा गया। किरन ने इस दौरान थाने पर आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आदेशित किया। इस अनुभव से छात्राओं ने प्रत्यक्ष रूप से थाना संचालन व पुलिसिंग कार्यों की बारीकियां समझीं।

किरन प्रजापति ने इस दौरान अपने सपनों को साझा करते हुए कहा कि वह भविष्य में आई.पी.एस. अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं। उनकी इस इच्छा ने कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं और अधिकारियों को गहराई से प्रभावित किया। मिशन शक्ति कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाना है। इस पहल से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ा और समाज में अपनी भूमिका को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा मिली।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट