भिवंडी महानगरपालिका में ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष पर सामूहिक गायन का आयोजन
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 07, 2025
- 107 views
भिवंडी। देशभक्ति के माहौल से सराबोर भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका में शुक्रवार को ‘वंदे मातरम’ गीत के 150वें वर्ष पर भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाराष्ट्र शासन के पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के निर्देशानुसार तथा भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका के प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। महानगरपालिका मुख्यालय के भूतल पर आयोजित इस सामूहिक गायन कार्यक्रम का नेतृत्व उप-आयुक्त विक्रम दराडे ने किया। इस अवसर पर आयुक्त कार्यालय से लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम’ का गायन कर राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपायुक्त (कर) बालकृष्ण क्षिरसागर, शहर अभियंता जमील पटेल, वैद्यकीय आरोग्य अधिकारी संदीप गाडेकर, सहायक आयुक्त (निवडणूक) अजित महाडिक, अतिरिक्त शहर अभियंता सचिन नाईक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।महानगरपालिका मुख्यालय के अलावा शहर के प्रभाग समितियों, नगर विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी एक ही समय पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों, अध्यापकों और नागरिकों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस आयोजन में भाग लिया। भिवंडी महानगरपालिका की इस पहल का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के प्रति गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सशक्त बनाना था। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त (मुख्यालय) बिक्रम दराडे ने कहा कि वंदे मातरम केवल गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता और स्वाभिमान का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को देश की संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा प्राप्त होती है। शहर भर में हुए इस सामूहिक गायन ने वातावरण को देशभक्ति से भर दिया और वंदे मातरम के स्वर देर तक नगर में गूंजते रहे।


रिपोर्टर