महिला शिक्षिका पर अश्लील टिप्पणी वीडियो बनाकर आरोपी हुआ फरार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 07, 2025
- 170 views
भिवंडी। भिवंडी शहर के इस्लामपुरा मस्जिद क्षेत्र में एक महिला शिक्षिका से अभद्र टिप्पणी करने और वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने इस प्रकरण में आरोपी फहीम जहिर खान (30), निवासी इस्लामपुरा, के खिलाफ मामला दर्ज किया है। निजामपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना उस समय हुई जब महिला शिक्षिका अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थीं। तभी आरोपी वहां से गुजरते हुए रुका और महिला की ओर देखकर अश्लील टिप्पणी करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जब महिला अपनी मां के साथ नीचे आईं, तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी उस वीडियो का दुरुपयोग कर सकता है। इस घटना से महिला को मानसिक आघात पहुंचा और उसकी मर्यादा को ठेस लगी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 352 और 351(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। इस प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक अमित गोते कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की तलाश जारी है और उसके मोबाइल फोन की जांच के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो का प्रसार तो नहीं किया गया है। स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और मांग की है कि महिला शिक्षिका के साथ अश्लील व्यवहार करने वाले आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। नागरिकों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्ती जरूरी है ताकि महिलाओं के प्रति बढ़ती अभद्रता की घटनाओं पर रोक लग सके।


रिपोर्टर