शिवसागर डिस्पैच सेंटर में ब्रीफिंग
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 11, 2025
- 12 views
रोहतास ।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के द्वितीय चरण के अन्तर्गत रोहतास जिले के चेनारी विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने हेतु दुर्गा उच्च विद्यालय शिवसागर स्थित डिस्पैच सेंटर में मतदान दलों, सेक्टर, ज़ोनल, सुपर-ज़ोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गयी। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी उदिता सिंह,पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार तथा निर्वाचन प्रेक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी मतदान दलों और दंडाधिकारियों को निर्देश देते हुए हुए कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है, इसलिए इसे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निभाया जाना चाहिए। मुख्य निर्देश एवं व्यवस्थाएँ कुछ निम्नरूपेण हैं-पीठासीन पदाधिकारी पीआरओ एप्प के माध्यम से आवश्यक सभी रिपोर्ट और प्रविष्टियाँ समय पर उपलब्ध कराएँगे। सेक्टर एवं ज़ोनल अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर मतदान दलों की गतिविधियों का पर्यवेक्षण सुनिश्चित करेंगे।
अमिट स्याही निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत लगायी जायेगी और सूखने के लिए उपयुक्त समय दिया जायेगा।
प्रत्येक मतदान-केंद्र पर मतदान दलों के लिए भोजन की व्यवस्था हेतु रसोइया की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है। पर्दानशीं महिलाओं की पहचान सुनिश्चित कराने के लिए वॉलंटियर तैनात किये गये हैं। मतदान-केंद्र परिसर में किसी भी मतदाता अथवा पदाधिकारी को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए भी वॉलंटियर्स की व्यवस्था की गयी है। प्रपत्र 17सी की प्रति पीठासीन पदाधिकारी द्वारा सभी उपलब्ध मतदान अभिकर्ताओं को प्रदान की जायेगी तथा उसकी पावती सुरक्षित रखी जायेगी। निर्वाचन प्रेक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं मतदान दलों से कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पवित्रता बनाये रखना प्रत्येक अधिकारी का उत्तरदायित्व है। अतएव सभी कर्मी मतदान कार्य को पूरी प्रतिबद्धता और निष्पक्षता के साथ संपन्न करेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, ने जिले के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी करते हुए शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की है।


रिपोर्टर