डीएम ने किया मतदान


रोहतास।जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोहतास उदिता सिंह ने राजकीयकृत मध्य विद्यालय फ़ज़लगंज मतदान केंद्र पर मतदान किया एवं मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान की अपील की — जिला प्रशासन द्वारा 10,500 पौधे वितरित कर ‘ग्रीन इलेक्शन’ का संदेश दिया गया।

 बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर आज जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोहतास उदिता सिंह ने सासाराम विधानसभा क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय, फ़ज़लगंज स्थित मतदान केंद्र पर पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के पश्चात उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की।


डीएम ने कहा कि – “वोट है अधिकार, मतदान है ज़िम्मेदारी। प्रत्येक नागरिक का एक वोट लोकतंत्र की शक्ति को बढ़ाता है। सभी मतदाता निडर होकर मतदान करें और लोकतंत्र को सशक्त बनाएं।” उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं, प्रथम बार के मतदाताओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से आग्रह किया कि वे मतदान को एक उत्सव के रूप में मनाएँ और जिले को 100 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य प्राप्त कराने में सहभागी बनें।


इस अवसर पर जिला प्रशासन रोहतास की एक अनूठी पहल के तहत जिले में “वोट है अधिकार, पौधा है उपहार” अभियान चलाया गया। मतदान दिवस पर मतदाताओं को प्रेरित करने एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने हेतु कुल 10,500 पौधों का वितरण किया गया।


यह विशेष पहल चुनाव के दौरान वाहनों के उपयोग से उत्पन्न कार्बन उत्सर्जन की भरपाई के उद्देश्य से की गई, ताकि चुनावी प्रक्रिया के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश जन-जन तक पहुँचे। पौधों का वितरण विभिन्न मतदान केंद्रों, नियंत्रण कक्षों एवं जनजागरूकता स्थलों पर किया गया।


डीएम ने कहा कि यह अभियान “ग्रीन इलेक्शन – स्वच्छ पर्यावरण, सशक्त लोकतंत्र” की दिशा में एक प्रेरक कदम है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में भी भाग लें।


डीएम ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए सुरक्षा व्यवस्था, पीने के पानी, रैम्प, शौचालय, शेड एवं सहायता कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है ताकि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे।


उन्होंने कहा, “हर वोट लोकतंत्र को मजबूत करता है, हर पौधा पृथ्वी को जीवन देता है। आइए, वोट भी करें और पौधा भी लगाएँ।”

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट