भिवंडी में मुख्य सड़क के चौड़ीकरण की शुरुआत --भारी पुलिस बंदोबस्त नागरिकों का विरोध जारी

भिवंडी। शहर विकास और मेट्रो प्रकल्प को गति देने के उद्देश्य से भिवंडी महानगरपालिका ने सोमवार, 17 नवंबर को अंजुरफाटा से कल्याण नाका तक मुख्य सड़क के चौड़ीकरण कार्य की शुरुआत की। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था।

पालिका के प्रभाग क्रमांक 5 के सहायक आयुक्त सईद चिवणे और बीट निरीक्षक हनुमान म्हात्रे के मार्गदर्शन में कल्याण नाका से कमला होटल तक जेसीबी की मदद से कार्रवाई शुरू की गई। वहीं प्रभाग क्रमांक 4 के सहायक आयुक्त गिरीश गोष्टेकर और प्रभाग क्रमांक 3 के सहायक आयुक्त सुरेंद्र भोईर के नेतृत्व में अंजुरफाटा से समानांतर रूप से चौड़ीकरण कार्य आगे बढ़ाया गया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगले के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात था।

रविवार से ही कई प्रभावित दुकानदारों और मकान मालिकों ने स्वयं अपने सामान को सुरक्षित स्थानों पर हटाना शुरू कर दिया था। प्रभाग 4 के सहायक आयुक्त गोष्टेकर ने बताया कि नागरिकों का सहयोग शहर विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। 

रास्ता चौड़ीकरण का विरोध कर रहे प्रभावित एक संपत्ति धारक ने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन ने नागरिकों को विश्वास में लिए बिना जल्दबाजी में कार्रवाई शुरू की है। उनके मुताबिक, केवल दस दिन पहले नोटिस जारी की गई और उसके बाद शनिवार, जो कि सार्वजनिक अवकाश का दिन था, 24 घंटे की दूसरी नोटिस थमा दी गई।प्रभावित नागरिकों का कहना है कि यह प्रक्रिया अनुचित है और पहले उन्हें पंचनामा कर उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। संपत्ति धारक ने बताया कि रविवार को उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं पालकमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की थी, जिन्होंने कार्रवाई रोककर पहले नागरिकों के साथ चर्चा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद पालिका आयुक्त पुलिस बल के सहारे कार्रवाई जारी रखे हुए हैं।

नगरपालिका आयुक्त अनमोल सागर ने कहा कि शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और मेट्रो प्रकल्प-5 को कार्यान्वित करने के लिए सड़क चौड़ीकरण अनिवार्य है। वर्तमान में 24 मीटर चौड़ी सड़क को विकास आराखड़े के अनुसार 36 मीटर करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी प्रभावितों को उचित मुआवजा देने का प्रस्ताव है और नागरिकों को विकास कार्य में सहयोग करना चाहिए। भिवंडी में जारी इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन और नागरिकों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि सड़क चौड़ीकरण का काम सुरक्षा की घेराबंदी में जारी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट