भिवंडी के युवक के साथ 18 लाख की ऑनलाइन ठगी

शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर दिया गया धोखा

भिवंडी। नारपोली पुलिस थाना क्षेत्र में ऑनलाइन निवेश के नाम पर एक बड़े वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मानकोली क्षेत्र में रहने वाले 38 वर्षीय सुरेश किसन शिरसोलकर से लगभग 18 लाख 79 हजार 377 रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने खुद को शेयर मार्केट से जुड़ी प्रतिष्ठित कंपनी का प्रतिनिधि बताकर भारी मुनाफे का लालच दिया और पीड़ित को विश्वास में लेकर लाखों रुपये हड़प लिए।शिकायत के अनुसार सितंबर 2025 में पीड़ित को सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया गया। खुद को Astha Credit & Securities Pvt Ltd से जुड़े होने का दावा करते हुए नेहा भन्सल, आरव गुप्ता और मीना जोशी नामक लोगों ने पीड़ित को निवेश पर अधिक रिटर्न का आश्वासन दिया। आरोपियों ने कंपनी का नाम, लोगो और फर्जी दस्तावेज दिखाकर भरोसा जीत लिया।

1 सितंबर से 4 नवंबर 2025 के बीच पीड़ित से 18 लाख 79 हजार 377 रुपये विभिन्न ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए वसूले गए। जब पीड़ित ने अपने निवेश का लाभ मांगा तो आरोपियों ने बहाने बनाए और कुछ समय बाद फोन बंद कर दिए। संदेह होने पर जब पीड़ित ने कंपनी के असली कार्यालय से संपर्क किया तो पता चला कि ऐसी कोई स्कीम जारी नहीं की गई थी और न ही बताए गए नामों का कोई वहां कर्मचारी है। इसके बाद पीड़ित ने नारपोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4),3(5) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66(ड) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस निरीक्षक ज्ञानेशवर कदम इस प्रकरण की जांच कर रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट