5 दिसंबर को होगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Dec 02, 2025
- 43 views
रोहतास । निदेशक कला,संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार,पटना के निर्देशानुसार जिला प्रशासन रोहतास द्वारा जिला स्तरीय युवा महोत्सव–2025 का भव्य आयोजन 5 दिसंबर को किया जाना है। यह कार्यक्रम सासाराम के न्यू स्टेडियम फजलगंज में पूर्वाह्न दस बजे से आरंभ होगा, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये युवा प्रतिभागी शामिल होंगे। जिला-स्तरीय युवा महोत्सव का उद्देश्य जिले में कला- संस्कृति और खेल के क्षेत्र में छिपी युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय-स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। इस महोत्सव में गायन, नृत्य, वाद-विवाद, नाटक, चित्रकला, क्विज़, खेलकूद सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारी,जनप्रतिनिधि,शिक्षक,खेल प्रशिक्षक एवं सांस्कृतिक संस्था से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रहेगी। युवा प्रतिभागियों के बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य-स्तरीय युवा महोत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। जिले के युवाओं में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जतायी जा रही है। जिला प्रशासन ने सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियाँ पुरी कर ली है।
जिला-स्तरीय युवा महोत्सव–2025 का आयोजन 5 दिसम्बर को मल्टीपर्पस हॉल, फजलगंज, सासाराम में किया जाएगा। वहीं, विज्ञान मेला 6 दिसंबर को शेरशाह इंजीनियरिंग कॉलेज, सासाराम में आयोजित किया जायेगा।
युवा महोत्सव में समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य, वाद-विवाद, चित्रकला, कविता एवं कहानी लेखन सहित कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं मूल्यांकन हेतु विभिन्न उप समितियों और निर्णायक मंडल का गठन किया गया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 4 दिसंबर की शाम 5 बजे तक निर्धारित है। पंजीकरण का आवदेन-पत्र जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला खेल पदाधिकारी के कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। महोत्सव के सफल संचालन हेतु आयोजन समिति, मंच व्यवस्था समिति, पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र वितरण समिति सहित कई समन्वय समितियाँ गठित की गयी हैं। साथ ही जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों तथा जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। उप विकास आयुक्त विजय कुमार पाण्डेय ने निर्देश दिया है कि युवा प्रतिभाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाय तथा महोत्सव को गरिमा एवं उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराया जाय।


रिपोर्टर