मेडिकल कंपनी के दो सेल्समैन धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार

चार वर्षों में कंपनी को 10.67 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप 

भिवंडी। भिवंडी के शांतीनगर पुलिस स्टेशन ने मेडिकल डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी से धोखाधड़ी करने के आरोप में दो सेल्समैन के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। शिकायतकर्ता नौमान हफीज़ुल्लाह अंसारी, जो नायगांव में फार्मा टिप्स हेल्थ केयर नाम से मेडिकल डिस्ट्रीब्यूटर का व्यवसाय चलाते हैं, उन्होंने अपनी ही कंपनी में कार्यरत दो सेल्समैन मोनिस खलीक़ुज़्ज़मा अंसारी और मोमिन मुस्लिम निसार अहमद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपी 1 मई 2021 से 21 जुलाई 2025 के बीच शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स पर दवाइयाँ सप्लाई करते और उनसे बिल की राशि वसूलकर कंपनी में जमा करने का जिम्मा निभाते थे। लेकिन चार साल की अवधि में दोनों ने बिल की वसूली के नाम पर कंपनी से 10,67,157 रुपये की रकम हड़प ली और कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि मोनिस खलीक़ुज़्ज़मा ने अपने भाई और बहन के माध्यम से उनसे “सहूलियत” देने की गुजारिश भी करवाई थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों की हरकतें जारी रहीं। अंततः मजबूर होकर नौमान हफीज़ुल्लाह अंसारी ने दोनों के खिलाफ शांतीनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा (4) 316 के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। दोनों सेल्समैन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। इस मामले की जांच शांतीनगर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक सुरेश चोपड़े कर रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट