कैमूर में शिक्षा विभाग की घोर लापरवाही: स्कूल छोड़ रेलवे ट्रैक पर 'मौत की सैर' करते दिखे सरकारी स्कूल के छात्र, वीडियो वायरल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 07, 2025
- 174 views
क्लासरूम से नदारद छात्र पटरियों के किनारे खतरों से खेलते नजर आए, जिम्मेदारों पर उठे सवाल
मोहनियां संवाददाता निरज कुमार की रिपोर्ट
मोहनियां (कैमूर)--बिहार की शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सरकार चाहे जितने दावे कर ले, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। कैमूर जिले के मोहनिया थाना अंतर्गत भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के समिप एक सरकारी विद्यालय के छात्रों की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने शिक्षा विभाग के साथ-साथ अभिभावकों की भी नींद उड़ा दी है। स्कूल के समय में छात्र पढ़ाई करने के बजाय रेलवे ट्रैक (पटरी) के किनारे मौत के साये में घूमते नजर आ रहे हैं।
हाल ही में सामने आए वीडियो फुटेज ने स्कूल प्रशासन की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि मोहनिया थाना क्षेत्र के सरकारी स्कूल के छात्र, अपनी स्कूल यूनिफॉर्म (गणवेश) में रेलवे ट्रैक के बिलकुल करीब बेखौफ होकर घूम रहे हैं। यह वह जगह है जहाँ से दिन-रात तेज रफ्तार में मालगाड़ियां और एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं। एक छोटी सी चूक या थोड़ी सी लापरवाही इन नौनिहालों की जान पर भारी पड़ सकती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बच्चे स्कूल के समय (School Hours) में पटरियों पर घूम रहे थे, तब स्कूल के शिक्षक और प्रधानाध्यापक कहाँ थे? क्या स्कूल में बच्चों की उपस्थिति दर्ज करने के बाद उनकी निगरानी नहीं की जाती? यह दृश्य साफ दर्शाता है कि शिक्षकों का ध्यान केवल खानापूर्ति तक सीमित है और छात्रों की सुरक्षा राम भरोसे छोड़ दी गई है।
भभुआं रोड रेलवे स्टेशन और उसके आसपास का ट्रैक काफी व्यस्त रहता है। ऐसे में छोटे बच्चों का इस तरह ट्रैक के पास खेलना या घूमना किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण देने जैसा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बच्चे ट्रैक पार करके विद्यालय आते जाते हैं, लेकिन उन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है। शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों को इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से संबंधित स्कूल के प्रधानाध्यापक और दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई करनी चाहिए। आखिर किसकी शह पर बच्चे स्कूल बाउंड्री से बाहर निकलकर मौत की पटरी तक पहुँच गए?


रिपोर्टर