विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार दास ने किया औचक निरीक्षण

 संवाददाता नवलेश कुमार की रिपोर्ट 

कोंच(गया)-- प्रखंड अंतर्गत कोराप पंचायत में शनिवार को विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार दास ने औचक निरीक्षण किया। इस जांच अभियान से प्रखंड कार्यालय से लेकर पंचायत स्तर के कर्मियों में हड़कंप मच गया।जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली स्थिति पंचायत भवन में देखने को मिली। डीडीसी जब वहां पहुंचे, तो कार्यालय में एक भी कर्मी मौजूद नहीं पाया गया। सरकारी कामकाज के समय में कर्मियों की इस भारी लापरवाही और अनुपस्थिति को देखते हुए डीडीसी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही कोंच के प्रखंड विकास पदाधिकारी विपुल भारद्वाज को निर्देश दिया कि अनुपस्थित सभी कर्मियों से अविलंब स्पष्टीकरण मांगा जाए और संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।आवास योजना की पारदर्शिता पर जोर पंचायत भवन के निरीक्षण के बाद डीडीसी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पंचायत में ऐसे जितने भी जरूरतमंद परिवार हैं, जो वास्तव में आवास के योग्य हैं लेकिन अभी तक उनका नाम सूची में नामांकन नहीं हो सका है, उन्हें अविलंब चिन्हित किया जाए।डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पारदर्शी तरीके से योग्य लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास की सुविधा से वंचित न रहे। डीडीसी शैलेश कुमार दास ने दो टूक शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में शिथिलता और कार्यालय से गायब रहने वाले कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना, जिससे क्षेत्र में सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की उम्मीद जगी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट