अपहरण और जानलेवा हमले का आरोपी टॉप-10 अपराधी किशन सिंह दबोचा गया
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 19, 2025
- 37 views
शराब तस्करी की मुखबिरी के शक में युवक का अपहरण कर बेरहमी से पीटने का है मामला
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
भभुआ (कैमूर):- कैमूर पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में भभुआ अनुमंडल के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल किशन सिंह उर्फ आशुतोष कुमार को पुलिस ने बीती रात छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है। पिछले एक सप्ताह के भीतर पुलिस की यह तीसरी बड़ी कामयाबी है, जिसमें टॉप-10 अपराधियों की श्रेणी से शहनाज अंसारी और आकाश पटैल के बाद अब किशन सिंह सलाखों के पीछे पहुँचा है। घटना बीते 8 जुलाई 2023 की है। पुलिस के अनुसार, उस दिन सुबह करीब 11:30 बजे शिवपुर गाँव के पास रतवार-जिगनी मुख्य सड़क पर अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय दिया था। रतवार निवासी अशोक कुमार सिंह के पुत्र आलोक यादव अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी एक सफेद रंग की जाईलो गाड़ी और तीन बाइकों पर सवार 10-12 अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। आलोक यादव पर शराब पकड़वाने का आरोप लगाते हुए अपराधियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। अपराधियों ने चिल्लाते हुए कहा, "कभी पुलिस तो कभी पब्लिक से हमारी शराब पकड़वाता है, आज सब वसूल कर लेंगे।" इसके बाद अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की और आलोक को जबरन घसीटते हुए जाईलो गाड़ी में डाल लिया। चलती गाड़ी में अपराधियों ने आलोक पर हॉकी और लोहे की रॉड से हमला किया और शराब के बारे में पूछताछ करते रहे। बेरहमी से पिटाई करने के बाद अपराधियों ने आलोक को हरिपुर गोराईपुर पुल के पास अधमरा समझकर सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। घायल आलोक के दोस्त अभिषेक ने हिम्मत दिखाते हुए उसे तत्काल अस्पताल पहुँचाया, जिससे उसकी जान बच सकी। इस सनसनीखेज कांड में शामिल पांच अन्य मुख्य आरोपी पहले ही कानूनी शिकंजे से बचने के लिए न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं और फिलहाल जमानत पर हैं। इनमें मरिचॉव निवासी आनंद कुमार सिंह, कुंदन सिंह (दोनों पिता- मनोज सिंह), टिंकु सिंह उर्फ टिंकल सिंह (पिता- संजय सिंह), बारे निवासी गोलू सिंह उर्फ शिवांशु कुमार सिंह (पिता- सुनील सिंह) और गणेश कुमार (पिता- स्व. दुर्गा सिंह) शामिल हैं।


रिपोर्टर