डीएम एवं एसपी ने सासाराम जाम को लेकर की बैठक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Dec 23, 2025
- 36 views
रोहतास ।समाहरणालय रोहतास में जिला पदाधिकारी, रोहतास श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्व बैठक की गई। जिसमें सासाराम शहर में लगातार लग रहे सड़क जाम की समस्या, स्ट्रीट वेंडिंग व्यवस्था, ऑटो/टोटो परिचालन, पार्किंग, सड़क प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात सुधार को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक रोहतास, जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात डीएसपी, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा निम्न महत्वपूर्ण निर्णय एवं निर्देश दिए गए—पोस्ट ऑफिस चौक को नो वेंडिंग जोन घोषित किया गया। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की स्ट्रीट वेंडिंग की अनुमति नहीं होगी। नगर प्रशासन को निर्देश दिया गया कि 5 दिनों के भीतर सख्ती से अभियान चलाकर अवैध वेंडिंग हटाई जाए तथा नियम उल्लंघन पर जुर्माना वसूला जाए।स्ट्रीट वेंडरों के लिए नया वेंडिंग जोन चिन्हित है। नगर निगम द्वारा वहां समुचित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। यह कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि वेंडरों की आजीविका भी सुरक्षित रहे और यातायात बाधित न हो। जहां पैदल यात्री, वाहन और वेंडिंग का अत्यधिक मिश्रण हो रहा है, उन क्षेत्रों को नो वेंडिंग जोन घोषित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वहां किसी भी प्रकार की दुकान या ठेला नहीं लगेगा।जिला पदधिकारी द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक नियम का पालन करवाएं हेतु निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात दबाव को देखते हुए ऑटो परिचालन को सुव्यवस्थित करने, आवश्यकतानुसार शिफ्टिंग की योजना तैयार करने तथा बस स्टैंड क्षेत्र को जाम मुक्त रखने का निर्देश दिया गया।
वन-वे एवं डायवर्जन व्यवस्था संवेदनशील सड़कों पर वन-वे ट्रैफिक लागू करने एवं वैकल्पिक मार्ग विकसित करने का निर्देश दिया गया, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने।
स्ट्रीट लाइट एवं सड़क प्रकाश जीटी रोड सहित प्रमुख सड़कों पर खराब स्ट्रीट लाइट को अविलंब ठीक करने का निर्देश दिया गया, ताकि रात्रि में यातायात सुचारु एवं सुरक्षित रह सके।
शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर स्पष्ट ट्रैफिक साइनज एवं सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश आरसीडी एवं नगर प्रशासन को दिया गया।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि हेलमेट, सीट बेल्ट, नो-पार्किंग, ओवरलोडिंग एवं गलत दिशा में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सासाराम शहर को जाम मुक्त, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें और प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं में सहयोग करें।


रिपोर्टर