डीएम ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण डीएस ढंग
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Dec 27, 2025
- 22 views
रोहतास।शुक्रवार को देर शाम जिलाधिकारी उदिता सिंह ने सदर अस्पताल सासाराम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के ट्रामा सेंटर सहित कई विभागों में खामियाँ सामने आयीं, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और तत्काल सुधार के निर्देश दिये।
निरीक्षण के क्रम में ट्रामा सेंटर की व्यवस्थाएँ असंतोषजनक पायी गयीं। आवश्यक संसाधनों की कमी, व्यवस्था में लापरवाही तथा रिकॉर्ड संधारण में अनियमितताएँ देखी गयीं। जिलाधिकारी द्वारा सिविल सर्जन को अविलंब इसमें सुधार लाने हेतु आदेशित किया गया है। जाँच के दौरान कुछ कर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित पाये गये,जिस पर जिलाधिकारी ने जिम्मेदार कर्मियों की पहचान कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निदेश दिया। इसके साथ ही अस्पताल में गड़बड़ियों के लिए जवाबदेही तय करते हुए डीएस को अविलम्ब बदलने और नये डीएस की प्रतिनियुक्ति करने का भी आदेश डीएम ने दिया। स्टॉक रजिस्टर के संधारण में भी अनियमितता पायी गयी। इसके मद्देनजर संबंधित कर्मी को अविलंब बदलने तथा मामले की जाँच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। दवाइयों एवं अन्य आवश्यक सामग्री के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी गयी। निरीक्षण के समापन पर जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन पर शो-कॉज नोटिस जारी करने का आदेश दिया तथा जवाब संतोषजनक नहीं होने तक वेतन पर रोक लगाने के निदेश दिये। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल आम जनता की सेहत से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है,यहाँ किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


रिपोर्टर