नगर परिषद सभापति ने की प्रेस वार्ता, नगर परिषद अंतर्गत योजनाओं सहित विभिन्न विषयों की दी जानकारी

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट  

शिवहर-----  नगर परिषद कार्यालय कक्ष में सभापति राजन नंदन सिंह ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर परिषद में भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगाया गया है और सभी विकास कार्यों में पारदर्शिता लाई गई है। उन्होंने बताया कि बैतरनी नदी के नाम से चर्चित जगदीश नंदन सिंह पथ का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और यह पथ शारदीय नवरात्र से पहले बनकर तैयार हो जाएगा। इस पथ की लागत दो करोड़ चौदह लाख रुपये है। वही सभापति ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2919 नए आवासों की स्वीकृति मिली है। इसमें सामान्य वर्ग के 540, पिछड़ा वर्ग के 1592, अनुसूचित जाति के 783 और अनुसूचित जनजाति के 4 परिवार शामिल हैं। पहले चरण में 957 पुरुष और 1962 महिलाओं को आवास का लाभ मिलेगा। जो योग्य लाभुक अब तक वंचित हैं उनकी भी सूची तैयार की जा रही है। शहर को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना की राशि बढ़ाई गई है। पहले इसके लिए 48 करोड़ 15 लाख रुपये स्वीकृत थे जिसे बढ़ाकर अब 60 करोड़ रुपये कराया गया है। इसका निर्माण कार्य बुडको द्वारा तीन फेज में शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि पितृपक्ष के बाद नगर परिषद द्वारा जन सहयोग कैंप लगाया जाएगा जिसमें नल जल और स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों का समाधान मौके पर किया जाएगा। वहीं अतिक्रमण को लेकर सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट