फिंगरप्रिंट क्लोन कर खाते से पैसे उड़ाने वाला साइबर कैफे संचालक गिरफ्तार, बक्सर पुलिस ने किया खुलासा

बक्सर - जिले की साइबर थाना पुलिस ने बैंक खातों से अवैध तरीके से राशि उड़ाने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी अविनाश कुमार कश्यप के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। मामले का खुलासा तब हुआ जब मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चकहसी निवासी अजीत कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके खाते से 7 मार्च से 1 मई 2025 के बीच 20 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1,07,000 रुपये निकाल लिए गए हैं। पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी तब मिली जब उन्होंने बैंक से संपर्क किया और उन्हें बताया गया कि यह सारी निकासी आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AEPS) के माध्यम से की गई है। इस शिकायत के आधार पर साइबर थाना कांड संख्या 31/25 दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सोनवर्षा निवासी अमन कुमार को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह एक साइबर कैफे संचालित करता है, जहाँ लोग आधार के जरिए पैसे निकालने आते थे। वह ग्राहकों का पैसा निकालते समय 'UCR Link' का अवैध उपयोग कर उनके फिंगरप्रिंट का डेटा संरक्षित कर लेता था। बाद में उन्हीं क्लोन फिंगरप्रिंट की मदद से वह ग्राहकों की जानकारी के बिना उनके खातों से पैसे निकाल लेता था। पुलिस की इस टीम में पु०नि० संजय कुमार सिंह, पु०अ०नि० श्रीकांत, पु०अ०नि० शुभम कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार अभियुक्त ने गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता की बात भी स्वीकार की है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आम जनता को सचेत किया है कि आधार आधारित लेनदेन करते समय सावधानी बरतें और केवल अधिकृत केंद्रों का ही उपयोग करें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट