बच्चों की शिक्षा और विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: प्रिया पाठक
- संदीप मिश्र, ब्यूरो चीफ जौनपुर
- Nov 24, 2026
- 3 views
रामनरेश प्रजापति की रिपोर्ट
नवागत खंड शिक्षा अधिकारी प्रिया पाठक ने संभाली सुईथाकला की कमान
शिक्षकों को समय से विद्यालय पहुंचने और शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के दिए निर्देश
जौनपुर। विकासखंड सुईथाकला की नवागत खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) प्रिया पाठक ने सोमवार को बीआरसी कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। जनपद अंबेडकरनगर से स्थानांतरित होकर आईं प्रिया पाठक के कार्यभार संभालने पर शिक्षकों ने बुके भेंटकर उनका स्वागत किया।
खंड शिक्षाधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों से परिचय प्राप्त किया और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचकर पठन-पाठन का कार्य सुचारू रूप से संचालित करें। विद्यालयों में शिक्षकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए। विद्यालय न जाने अथवा समय से नहीं पहुंचने जैसी शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों को गुणवत्ता परक शिक्षा प्रदान करने में कोई कोर कसर न छोड़ें। बच्चों की के शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाकर उनका चौमुखी विकास करना मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कहा कि छात्र-छात्राओं का भविष्य उज्जवल करने, सर्वांगीण विकास के लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे ज़रूर उठाऊंगी। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए सार्थक कदम अवश्य उठाया जाएगा।
मूल रूप से अयोध्या जनपद की निवासी प्रिया पाठक वर्ष 2018 बैच की अधिकारी हैं। मौके पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री दुष्यंत मिश्रा, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. रणजय सिंह, अजय मिश्रा व सुधाकर सिंह, ब्लॉक मंत्री उमेश चंद्र यादव, पारसनाथ यादव, रमेश सिंह, दिनेश, डॉ .निशाकांत, चंद्रशेखर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।


रिपोर्टर