अब शिवसेना (शिंदे) से पुनः भाजपा में लौटे संतोष शेट्टी, शक्ति प्रदर्शन के साथ किया नामांकन

भिवंडी। भिवंडी पूर्व विधानसभा क्षेत्र से विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से चुनाव लड़ चुके और हार का सामना करने वाले संतोष शेट्टी ने एक बार फिर राजनीतिक पाला बदलते हुए शिवसेना (शिंदे) को छोड़कर भाजपा में वापसी कर ली है। मनपा चुनाव से पहले नामांकन के अंतिम दिन उन्होंने भारी शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

गौरतलब है कि पद्मानगर क्षेत्र के प्रभाग क्रमांक 17 से संतोष शेट्टी कई बार नगरसेवक चुने जा चुके हैं। पूर्व पार्षद संतोष शेट्टी ने विधानसभा चुनाव के दौरान शिवसेना (शिंदे) में प्रवेश कर चुनाव लड़ा था, लेकिन करारी हार के बाद वे राजनीतिक रूप से शांत हो गए थे। अब मनपा चुनावों को देखते हुए जब वार्ड क्रमांक 17 भाजपा के खाते में आया, तो पार्टी ने एक बार फिर उन्हें उम्मीदवार बनाया है। इसे संतोष शेट्टी की भाजपा में घरवापसी के रूप में देखा जा रहा है। संतोष शेट्टी के साथ ही कपिल पाटील के भतीजे सुमित पाटील और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के शहर अध्यक्ष महेंद्र गायकवाड़ की पत्नी नंदिनी गायकवाड़ भी भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। इन सभी उम्मीदवारों ने पद्मानगर क्षेत्र में भव्य रैली निकालकर भारी भीड़ के साथ अपना नामांकन दाखिल किया।

बताया जाता है कि संतोष शेट्टी इससे पहले शिवसेना के अलावा कांग्रेस सहित कई अन्य पार्टियों से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें हर बार हार का सामना करना पड़ा है। विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद उन्होंने एक बार फिर एक पायदान नीचे उतरते हुए नगरसेवक चुनाव के लिए नामांकन भरा है।इधर, प्रभाग क्रमांक 16 से संतोष शेट्टी के भाई राजेश शेट्टी भी चुनाव मैदान में हैं। उन्हें दो बार लगातार नगरसेवक रह चुके और इलाके में मजबूत पकड़ रखने वाले नित्यानंद नाडर उर्फ वासु अन्ना की जगह टिकट दिया गया है। इसे लेकर पूरे प्रभाग में भाजपा के प्रति लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट