प्रभाग 1-ब से कांग्रेस (पुरस्कृत) की महिला उम्मीदवार विजयाताई अ.गायकवाड़ का तीखा हमला

दलित समाज को जानबूझकर पीछे धकेलने का आरोप


भिवंडी। भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका चुनाव में प्रभाग क्रमांक 1-ब से कांग्रेस पार्टी की महिला उम्मीदवार विजयाताई अशोक गायकवाड़ ने सत्ताधारी वर्ग पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि दलित समाज को योजनाबद्ध तरीके से शिक्षा, विकास और बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि सामाजिक दमन की राजनीति है।

गायकवाड़ ने कहा कि यह इलाका पांच बार महापौर दे चुका है, लेकिन दलित समाज की बस्तियों की हालत आज भी बद से बदतर बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनपा के सफाई कर्मचारियों की बस्ती को जानबूझकर उजाड़ा गया, क्योंकि समाज अन्याय के खिलाफ एकजुट हो रहा था। करीब नौ वर्ष पहले सफाई कर्मियों की इमारत तोड़ दी गई, लेकिन आज तक उसका पुनर्निर्माण नहीं किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके इशारे पर यह सब किया गया। उन्होंने कहा कि इलाके में शराब भट्टियां और जुए के अड्डे खुलेआम चलाए गए, ताकि दलित समाज के बच्चे और युवा नशे की गिरफ्त में फंस जाएं और शिक्षा से दूर रहें। गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि यह एक सोची-समझी साजिश थी, जिससे समाज कमजोर बना रहे और तानाशाही राजनीति चलती रहे। उन्होंने कहा कि अन्य बस्तियों की स्थिति भी बेहद दयनीय है। गंदगी और दुर्गंध के बीच लोगों को रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जबकि जनप्रतिनिधि सिर्फ चुनाव के समय दिखाई देते हैं। महानगरपालिका के स्वामित्व वाला चैलेस ग्राउंड राजनीति का अड्डा बन गया है। बच्चों के खेलने का मैदान होते हुए भी बच्चे खेल से वंचित हैं। म्हाडा कॉलोनी की जर्जर स्कूल इमारतों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इससे खासकर मुस्लिम बहुल क्षेत्र के बच्चों को जानबूझकर अशिक्षित रखने की कोशिश की गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की हालत पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आज वह खुद इलाज का मोहताज है। गायकवाड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें इन अन्यायपूर्ण हालातों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए मैदान में उतारा है। उन्होंने दावा किया कि यदि जनता ने मौका दिया, तो प्रभाग 1ब में शिक्षा, स्वास्थ्य और दलित समाज के सम्मान को प्राथमिकता दी जायेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट