चलती ऑटो में महिला के गहनों पर हाथ साफ, जकात नाका के पास वारदात, 25 हजार का माल उड़ाया
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 07, 2026
- 123 views
भिवंडी। भिवंडी में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। दिनदहाड़े चलती ऑटो रिक्शा में सफर कर रही एक महिला से सोने की अंगूठी और नकदी चोरी किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यह घटना भिवंडी के जकात नाका इलाके के पास हुई, जहां ऑटो में सवार अज्ञात चोर ने बड़ी सफाई से महिला के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता संगीता संतोष जाधव (48), जो पालघर की निवासी हैं और किराणा दुकान का व्यवसाय करती हैं, 6 जनवरी को अपनी बेटी से मिलने के लिए कल्याण से भिवंडी की ओर ऑटो रिक्शा से निकली थीं। वह सुबह करीब 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच ऑटो से वंजार पट्टी नाका की ओर जा रही थीं। इसी दौरान जकात नाका, भिवंडी के पास ऑटो में सवार एक अज्ञात व्यक्ति अथवा महिला ने भीड़भाड़ और मौके का फायदा उठाते हुए शिकायतकर्ता की करीब 5.100 ग्राम वजनी सोने की अंगूठी और 1,000 रुपये नकद चोरी कर लिए।महिला को चोरी का अहसास तब हुआ, जब वह अपने गंतव्य के पास पहुंची। हाथ से अंगूठी और पर्स से नकदी गायब देख वह घबरा गई और तुरंत निजामपुर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है। निजामपुर पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और ऑटो रिक्शा के रूट पर आने-जाने वाले संदिग्धों की पहचान की जा रही है।


रिपोर्टर